रमन विज्ञान पर्व 2026: नवाचार, अनुसंधान और विज्ञान चेतना का बना संगम

Event Time & Date - Sat, October 31,2026

खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा द्वारा आयोजित रमन विज्ञान पर्व 2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। विज्ञान, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कौशल विकास और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में निमाड़ संभाग सहित विभिन्न जिलों के 32 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने 250 से अधिक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के कुलगुरु डॉ. मोहनलाल कोरी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक विज्ञान मानव विकास के महत्वपूर्ण साधन हैं, लेकिन इनका उपयोग नैतिकता, मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ किया जाना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने की।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि एआईएसईसीटी समूह द्वारा संचालित विभिन्न विश्वविद्यालयों में विज्ञान चेतना को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान पर्व आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर ऑर्गेनिक आर्कियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आशीष जैन ने ब्राह्मी लिपि, प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित कार्यशाला आयोजित कर विद्यार्थियों को ऐतिहासिक एवं बौद्धिक विरासत से परिचित कराया।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा और क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के बीच हुआ एमओयू रहा। शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हुए इस समझौते पर दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी निमाड़ क्षेत्र में उच्च शिक्षा और शोध गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में निमाड़ रेंज की डीआईजी शिमाला प्रसाद ने विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और एआई आधारित तकनीकों को अपनाने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने एआई मोबाइल वैन और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के नवाचारी प्रयासों की सराहना भी की।

विज्ञान प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्मार्ट कृषि, रोबोटिक्स, अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक खेती और सामाजिक समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडलों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने नवाचारों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

रमन बाल विज्ञान पर्व के अंतर्गत एंजेल्स प्लेनेट स्कूल के विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विद्यालय के पांच समूहों ने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें वेस्ट मैनेजमेंट और जैविक खेती विषय पर आधारित प्रोजेक्ट्स को विशेष सराहना मिली। छात्र जय चौहान को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

आयोजन का समन्वय डॉ. सीमा शर्मा एवं प्रो. नितेश मिश्रा ने किया, जबकि कार्यशालाओं के संचालन में प्रो. संदेश दफ्तरी सहित विभिन्न शिक्षकों एवं विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रमन विज्ञान पर्व 2026 केवल एक विज्ञान प्रदर्शनी नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर विज्ञान, नवाचार, अनुसंधान और ज्ञान परंपरा के समन्वय का प्रेरणास्पद उदाहरण बन गया। यह आयोजन युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now