डॉ. सीवी रामन विश्वविद्यालय की तृतीय छात्र परिषद ने आज शपथ ग्रहण किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे ने छात्र संघ के सदस्यों को शपथ दिलाई। वे समारोह के मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने की एवं कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी ने छात्रसंघ को विश्वविद्यालय का ध्वज प्रदान कर मान्यता दी। समारोह के अतिथियों द्वारा साहित्यकार डॉ. श्रीराम परिहार की पुस्तक विदेश यात्राएं का विमोचन किया गया। पुस्तक विमोचन के अवसर पर साहित्यकार डॉ. रीराम परिहार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व के अनेक देशों की यात्राएं की हैं, जहाँ विविध संस्कृतियों और जीवनशैलियों को निकट से देखने का अवसर मिला। किंतु भारतीय सभ्यता और संस्कृति की गहराई, आत्मीयता और मूल्यबोध जैसा अनुभव उन्हें कहीं और देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि ही उसकी वास्तविक पहचान है, जिसे हमें समझने और संरक्षित रखने की आवश्यकता है। नवगठित छात्रसंघ को संबोधित करते हुए श्री संतोष चौबे ने कहा कि छात्र युवा शक्ति के रूप में राष्ट्र की धरोहर हैं। छात्रों के दिल-दिमाग में भविष्य बसता है। वे राष्ट्र चिंतन के लिए भी सक्रिय रहें, क्योंकि भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और भारतीय विचारधारा ही विश्व को बचाने की ताकत है। अतः छात्र जागरूक रहें, क्योंकि विदेशी आक्रमणकारियों ने भारतीय ज्ञान केंद्रों को नष्ट करने के साथ-साथ हमारी सभ्यता को भी नष्ट करने का दुस्साहस किया है। उन्होंने छात्रों को अध्ययनशील बनने तथा भ्रमण के प्रति जिज्ञासु रहकर विश्व इतिहास को स्वयं जानने का आह्वान किया और नई छात्र परिषद को शुभकामनाएं दीं। कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने छात्र परिषद को विश्वविद्यालय के अनुशासन और कार्य संचालन में महत्वपूर्ण सेतु बताया तथा विश्वविद्यालय की छात्र-केंद्रित नीति पर प्रकाश डाला।
कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी ने छात्रों में नेतृत्व एवं प्रबंधन कौशल के विकास हेतु छात्र परिषद के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने काउंसिल चयन में शैक्षणिक प्रदर्शन एवं सक्रियता को प्रमुख मापदंड बताया। छात्र काउंसिल के सलाहकार डॉ. रोहन सिंह कुशवाह ने छात्र परिषद के संविधान एवं "स्टूडेंट फर्स्ट" पॉलिसी की जानकारी दी। अतिथियों ने छात्र हैंडबुक, संविधान एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। नई परिषद में स्नेहा मीणा को अध्यक्ष, आयुष राउत को उपाध्यक्ष, कुमारी केशर को सचिव, सिद्धार्थ सावनेर को सांस्कृतिक सचिव, शोएब अख्तर को खेल सचिव तथा आयुषी बिरला को साहित्यिक सचिव मनोनीत किया गया है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सत्यम बडगूजर को एल्युमनी प्रेसिडेंट घोषित किया गया। साथ ही, उन्होंने अपना दायित्व नई अध्यक्ष स्नेहा मीणा को सौंपा।
समारोह के दौरान कुलाधिपति श्री चौबे ने विश्वविद्यालय की नवनिर्मित कैंटीन का उद्घाटन किया।
उन्होंने परिसर में होस्टल निर्माण एवं कम्युनिटी रेडियो स्टेशन की स्थापना के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। आईपीएल की तर्ज पर आईसेक्ट की रॉयल निमाड़ ईगल्स तथा महिलाओं की मालवा गर्ल्स क्रिकेट टीम के गठन के निर्णय को खेल गतिविधियों में नवाचार बताया और विश्वविद्यालय के निरंतर विकास का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वनमाली सृजनपीठ की राष्ट्रीय समन्वयक सुश्री ज्योति रघुवंशी, श्रीमती गीतिका चतुर्वेदी, श्रीमती ज्योति चतुर्वेदी, एकेडमिक डीन डॉ. योगेश महाजन, छात्रगण एवं प्राध्यापकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आशीष राजपूत ने किया तथा आभार छात्र काउंसिल के सलाहकार डॉ. रोहन सिंह कुशवाह ने व्यक्त किया।