डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में "पृथ्वी दिवस" आयोजन के उपलक्ष्य में सप्ताहभर अनेक संदेशपरक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पृथ्वी के पर्यावरण संरक्षण एवं नवकरणीय ऊर्जा के महत्व का संदेश दिया गया।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु द्वारा अपने संदेश में पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों से प्रकृति संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय एवं भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार पृथ्वी दिवस-2026 मनाया गया। 22 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक छात्रों एवं प्राध्यापकों की सहभागिता से रैली, संदेश प्रचार-प्रसार, पोस्टर एवं स्लोगन निर्माण के माध्यम से पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया गया।
22 अप्रैल को विश्वविद्यालय के रमन सभागृह में ऊर्जा संरक्षण, नवकरणीय ऊर्जा एवं धरती के पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ ग्रहण की गई। रामानुजन स्कूल ऑफ साइंस संकाय प्रमुख डॉ. अनुपमा गौर ने छात्रों एवं प्राध्यापकों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर विज्ञान संकाय के डॉ. आंचल, समीक्षा पाटीदार, शिवम इंगला एवं पूजा भालेराव की विशेष सहभागिता रही।
"Our Power, Our Planet" की थीम पर ह्यूमन चेन बनाकर धरती के पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। एन.एस.एस. अधिकारी विजय इंगले एवं एन.सी.सी. अधिकारी ले. ममता राव तथा श्रीमती पद्मा हाडा सहित स्टूडेंट काउंसिल के सदस्य एवं छात्र-छात्राओं के दल ने ग्राम छैगांव माखन में सब्जी एवं फल विक्रेताओं को "No Polythene, No Plastic" के संदेश के साथ कपड़े से बनी पारंपरिक थैलियों का वितरण किया।
ग्रामीणों को प्राकृतिक जल शुद्धिकरण हेतु किट वितरित किए गए, जिनमें फिटकरी, मोरिंगा सीड्स एवं पानी छननी शामिल थी। इस दौरान "Keep the Earth Green, Keep the Energy Clean" थीम पर आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।