डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया संविधान दिवस

Event Time & Date - Thu, November 26,2026

खंडवा। डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, रंगोली, निबंध लेखन एवं संविधान क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीन डॉ. योगेश महाजन एवं शोध निदेशक डॉ. सीमा शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता वनमाली शोध केंद्र की पुस्तकालय प्रमुख नेहा शुक्ला ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् राष्ट्रगीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के महर्षि कर्वे मानविकी संचार एवं कला विभाग, एनसीसी, एनएसएस एवं एनईपी सारथी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शीर्षक "संविधान को जानो - अधिकार एवं दायित्व को पहचानो" रखा गया था। इस अवसर पर संविधान क्विज, चित्र पहचानो एवं आवाज पहचानो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में शिवानी, हर्षिता, अंजली, कशिश, विकास, अनिल, कृष्णा अग्रवाल और यश रहे।

द्वितीय सत्र में "माय भारत केंद्र" के तत्वावधान में "विकसित भारत संवाद - नशामुक्त भारत, विकसित भारत के लिए" विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र के मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी पल्लवी दुबे रहीं तथा अध्यक्षता डॉ. मुनीश मिश्रा ने की। विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा यशस्वी सिंह परिहार ने युवा संवाद विषय पर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का संचालन छात्रा एवं एनसीसी कैडेट्स भानूश्री एवं तुलसी ने किया। क्विज प्रतियोगिता का संचालन निश्नेयस व्यास ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. स्वाति पाठक, डॉ. फियोना एडवर्ड एवं प्रा. श्रेया मालवीय शामिल रहीं। कार्यक्रम के संयोजक ले. ममता राव, विजय इंगले, डॉ. सुरभि डिंडोरे, राजकन्या राजोरिया एवं श्रीमती पद्मा हाड़ा थे।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now