सीवीआरयू के दीपांशु ने सीआईआई राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान

खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय (सीवीआरयू), खंडवा के छात्र दीपांशु ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित 37वीं सीआईआई राष्ट्रीय पाठ्यक्रम (करिकुलम) प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता मुंबई स्थित डॉन बॉस्को संस्थान में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के प्रमुख शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में टाटा, गोदरेज, एल एंड टी, मित्सुबिशी और आईसीएफ सहित देश की 19 प्रतिष्ठित संस्थाओं से कुल 355 प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच दीपांशु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

दीपांशु की इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और कौशल आधारित शिक्षा का सकारात्मक परिणाम बताया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि यह सफलता छात्रों को दिए जा रहे व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाती है। उन्होंने दीपांशु को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी संस्थान की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करते हैं।

इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने दीपांशु की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करेगी।

विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी दीपांशु को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि कौशल आधारित शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय की निरंतर बढ़ती पहचान को भी रेखांकित करती है।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now