खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा द्वारा आयोजित सी.वी. रमन मेगा ओपन जॉब फेयर-2026 में 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं के लिए 600 से अधिक रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए। इस रोजगार मेले में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ खंडवा एवं आसपास के जिलों के 350 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कर साक्षात्कार में भाग लिया। कई योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईसेक्ट समूह के प्रोजेक्ट प्लेसमेंट प्रमुख श्री उद्भव चटर्जी, कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी तथा कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी श्री विवेक माहेश्वरी ने बताया कि विश्वविद्यालय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों का कौशल विकास करने और उन्हें बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों एवं प्लेसमेंट गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
जॉब फेयर में आरबीएल बैंक, पुष्कल एग्रीटेक, केयर्स इन्कॉर्प, धनुका एग्रीटेक, एसबीआई लाइफ, वर्धमान यार्न्स, टेक्समो पाइप्स सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। इन कंपनियों ने आईटी, बैंकिंग, एग्रीकल्चर, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंस, सोलर एनर्जी और मार्केटिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भर्ती प्रक्रिया संचालित की।
इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने के लिए ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार सृजक (Job Creator) बनने के लिए भी तैयार कर रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगार योग्य बनाना है।
यह मेगा ओपन जॉब फेयर विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उद्योग जगत से सीधे जुड़ने, अपने कौशल का प्रदर्शन करने तथा बेहतर करियर की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।