खंडवा। मध्यप्रदेश स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मंदसौर के ऐतिहासिक धर्मराजेश्वर में आयोजित भारतीय युवा संसद के 32वें राष्ट्रीय सत्र में डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के पांच विद्यार्थियों के दल ने सहभागिता कर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से आए युवाओं ने विभिन्न समसामयिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से तीन छात्र एवं दो छात्राओं का चयन छात्र कल्याण विभाग द्वारा किया गया था। विश्वविद्यालय के अनुशासन अधिकारी श्री रोहन कुशवाह को दल का समन्वयक नियुक्त किया गया था। सह-समन्वयक श्रीमती पद्मा हाड़ा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय युवा संसद में सक्रिय सहभागिता की।
आयोजन के दौरान कुल सात सत्रों में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद एवं विचार-मंथन हुआ। इनमें स्वयं बोध, सामाजिक समरसता, लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, कृषि निर्माण, शिक्षा जागरूकता तथा ईरान-अमेरिका युद्ध : एक परिदृश्य जैसे विषय प्रमुख रहे। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय, सामाजिक एवं वैश्विक मुद्दों को समझने तथा अपने विचार प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम स्थल पर स्थित 'कुशाभाऊ ठाकरे' सदन के भव्य मंच से देश के प्रतिष्ठित राजनीतिज्ञों, मंत्रियों एवं प्रबुद्ध विचारकों के विचार सुनने का अवसर भी विद्यार्थियों को मिला। इनमें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, असम के सांसद अशोक सिंघल तथा मंदसौर विधायक सुधीर गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय युवा संसद का यह आयोजन मीडिया फाउंडेशन एवं मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के संयोजक आशुतोष जोशी थे। इस राष्ट्रीय आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सहभागिता से उन्हें संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक दायित्वों तथा राष्ट्रीय मुद्दों की गहन समझ विकसित करने का अवसर मिला।