हरदा। युवाओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत कौशल विकास कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में AISECT इंडिया समूह एवं डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हरदा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक प्रो. स्वाति गुरु ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली, उपयोग एवं व्यावहारिक अनुप्रयोगों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा के साथ AI का ज्ञान भी आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को AISECT समूह द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे AI सर्टिफिकेट कोर्स की जानकारी देकर प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के प्रबंधक उमेश शर्मा ने बताया कि कौशल विकास कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में 20 से 30 नवंबर तक कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक डिजिटल कौशल एवं भविष्य की रोजगारपरक तकनीकों से परिचित कराना है।
विद्यालय के प्राचार्य जे.पी. प्रजापति ने कहा कि इस प्रकार की नवाचारी गतिविधियों से विद्यार्थियों का डिजिटल सशक्तिकरण होगा। कार्यक्रम समन्वयक जी.पी. गौर ने बताया कि तकनीकी ज्ञान युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने में भी सहायता करेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आर.पी. लोहाना, एस.एन. भाटी, श्रीमती प्रेम बाई धुर्वे, श्रीमती उईके सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़कर उनके कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है।