डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में सात दिवसीय पृथ्वी दिवस अभियान शुरू

खंडवा। पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, खंडवा द्वारा पृथ्वी दिवस-2026 के अवसर पर सात दिवसीय विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान “अवर पावर, अवर प्लेनेट” थीम पर आधारित है तथा मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंस, भारत सरकार के सहयोग से संचालित किया जाएगा।

22 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले इस अभियान में विद्यार्थियों एवं समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला रैली, स्वच्छता अभियान, वेस्ट कलेक्शन ड्राइव, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा नवीकरणीय ऊर्जा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए समाज को प्रेरित करना है। साथ ही युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।


विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now