डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में युवा विचार कुंभ: युवाओं को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी समझने होंगे —

खंडवा — अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की खंडवा नगर इकाई द्वारा युवा विचार कुंभ कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, छैगांव माखन में किया गया। इस कार्यक्रम में साहित्यकार आलोक सेठी मुख्य अतिथि रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंडवा विभाग प्रचारक विजेंद्र गोठी ने मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं को संबोधित किया।

गोठी ने अपने उद्बोधन में भारत में वंदे मातरम् के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1937 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इसके शुरुआती दो छंदों को ही गाने की सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि भारत की माटी पर जन्म लेने का उद्देश्य केवल भोजन, पढ़ाई या नौकरी नहीं है, बल्कि देश और समाज के प्रति कर्तव्यों को समझना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करना ही सच्चे नागरिक होने का परिचायक है। गोठी ने विदेशी आक्रांताओं द्वारा भारत के ज्ञान केंद्रों को नष्ट करने की ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से देश के गौरव को पुनर्स्थापित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थी, प्रोफेसर और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस आयोजन ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना को जागृत करने का संदेश दिया।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now