खंडवा। युवाओं को आधुनिक तकनीकों एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से “युवा एआई फॉर ऑल” अभियान के अंतर्गत कौशल रथ डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा परिसर पहुंचा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एआई आधारित तकनीकों, डिजिटल लर्निंग एवं आधुनिक करियर अवसरों की जानकारी प्रदान की गई।
यह कौशल रथ एक आधुनिक मोबाइल डिजिटल लैब के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें कंप्यूटर, इंटरनेट एवं एआई आधारित शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बैंकिंग एवं प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में एआई के उपयोग के बारे में जानकारी साझा की गई।
साथ ही विद्यार्थियों को एआई से जुड़े करियर विकल्पों एवं भविष्य की संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में उपस्थित विशेषज्ञों एवं टीम सदस्यों ने इसे युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।