खंडवा — डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में इंस्टिट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल के तत्वावधान में इनोवर्स 2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में नौ अध्ययनशालाओं की टीमों ने कुल 48 विषयों पर अपने नवाचार प्रस्तुत किए, जिनमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की टीमों ने अपने प्रोजेक्ट्स की पीपीटी प्रस्तुतियाँ दीं। स्वामी विवेकानंद स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की टीम ने पैकेजिंग और ऑर्डर-मुक्त क्लोथिंग पर नवाचार प्रस्तुत किया, जबकि रामानुजन स्कूल ऑफ साइंस की टीम ने “स्मार्ट बुलकाट” और “भारत गाथा गेमिंग एप” जैसे प्रोजेक्ट्स से सबका ध्यान आकर्षित किया। इसी तरह टेक्नोमार्क अकैडमी की मोनाबाज टीम ने कार्बन उत्सर्जन नियंत्रण पर कार्य किया और विश्वकर्मा पॉलीटेक्निक की असरा शेख टीम ने इलेक्ट्रिक व्हीकल स्मार्ट चार्जिंग सिस्टम का मॉडल प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल में पूर्व कुलसचिव डॉ. रवि चतुर्वेदी, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. वरुण महाजन, डॉ. प्रमोद नायक और डॉ. संदेशा दुपारी शामिल रहे। सभी निर्णायकों ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी शोध और तकनीकी प्रयोगों को जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी और कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं और उन्हें समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार साद शेख और अंजली टीम को मिला, द्वितीय पुरस्कार हफीज़ खान टीम को और तृतीय पुरस्कार आयशा राव टीम को प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण वरिष्ठ पोरवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदेशा दुपारी ने किया। यह आयोजन विश्वविद्यालय में नवाचार, शोध और तकनीकी उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।