डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में 19 से 23 मई तक होगा कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार

खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा में भारतीय सामाजिक विज्ञान शोध परिषद (ICSSR) के तत्वावधान में 19 से 23 मई 2026 तक पाँच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था एवं सतत व्यवसाय: वाणिज्य और प्रबंधन में उभरती प्रवृत्तियाँ” रखा गया है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सेमिनार में विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी एवं शोध विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित व्यावसायिक नीति-निर्धारण, डिजिटल विपणन, वित्तीय प्रौद्योगिकी, आर्थिक प्रबंधन, आपूर्ति श्रृंखला अनुकूलन, ग्रामीण उद्यमिता तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी सत्र एवं परिचर्चाएँ आयोजित होंगी।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा, उद्योग, व्यापार एवं शोध के क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन ला रही है। ऐसे में यह सेमिनार विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों को आधुनिक तकनीकों तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था की नई अवधारणाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार नवाचार, शोध एवं तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है तथा यह आयोजन निमाड़ क्षेत्र को वैश्विक शैक्षणिक एवं तकनीकी परिदृश्य से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सेमिनार में सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक सतीश परसाई, मिन्हु टिटिंग, मनीष जोशी, अमोद खन्ना, कपिल पगनिस, अनिल सैनी तथा मधुकांत पटेल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के संयोजक योगेश महाजन एवं सह-संयोजक की टीम द्वारा आयोजन की तैयारियाँ की जा रही हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों से इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now