डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय को मिली पॉलिटेक्निक की सुविधा

खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिससे निमाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीकी शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी ने बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख एवं व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जाएगी।

नव प्रारंभ पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, एआई एवं फूड टेक्नोलॉजी सहित अन्य तकनीकी विषय शामिल किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, डिजिटल कौशल एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना है।

विश्वविद्यालय की 14 अध्ययनशालाओं द्वारा संचालित ये पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कौशल विकास, नवाचार एवं व्यावहारिक शिक्षा पर आधारित होंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य निमाड़ क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें और देश-विदेश में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इन नवीन तकनीकी पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now