खंडवा। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा ने रोजगारोन्मुख शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जयपुर स्थित वन सर्ट फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस सहयोग का उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल विकास, कृषि नवाचार, गुणवत्ता प्रबंधन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव श्री रवि चतुर्वेदी तथा वन सर्ट फाउंडेशन की ओर से श्री संदीप राहुल माथुर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी सहित विश्वविद्यालय एवं फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी ने बताया कि इस साझेदारी के माध्यम से कृषि विज्ञान, कॉमर्स, आईटी तथा अन्य संकायों के विद्यार्थियों को ऑर्गेनिक फार्मिंग, फूड सेफ्टी, एग्री-बिजनेस, इंटर्नशिप, उद्योग भ्रमण, शोध एवं कौशल विकास से जुड़े व्यावहारिक अवसर प्राप्त होंगे। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा और उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय मध्यप्रदेश में पहली बार एक वर्षीय बी.एससी. (फूड एंड क्वालिटी मैनेजमेंट) कार्यक्रम प्रारंभ करने की तैयारी कर रहा है। इस पाठ्यक्रम में फूड सेफ्टी, क्वालिटी मैनेजमेंट, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन, फूड प्रोसेसिंग तथा उद्योग आधारित प्रशिक्षण को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
डॉ. जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप यह पहल विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगी तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर प्राप्त करने में सहायता करेगी।
विश्वविद्यालय का यह सहयोग वर्ष 2026–27 से प्रशिक्षण, अनुसंधान, कृषि तकनीक, गुणवत्ता प्रबंधन तथा उद्योग-शिक्षा सहभागिता को नई दिशा प्रदान करेगा और विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
