खंडवा। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन, इंदौर के निर्देशन में जिला टेबल टेनिस संगठन, खंडवा द्वारा रविवार को जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 40 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में खुशबू सिसोदिया ने अंगूरी तंवर को पराजित किया। सीनियर वर्ग में आरव दुबे ने हनीफ कुरैशी को तथा जूनियर वर्ग में कनिष्ठ यादव ने चंद्रदीप कनाड़े को हराकर जीत हासिल की।
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के रजिस्ट्रार डॉ. अनिल तिवारी के मुख्य आतिथ्य तथा डॉ. प्रमोद नायक के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
आयोजन सचिव सुनील शर्मा के अनुसार, खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए खंडवा जिले की टीम का चयन किया गया है।
इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष श्याम राम अग्रवाल सहित कुबेर स्वामी, प्रो. डॉ. सोहन लाल डाबर, सुनील कनाड़े, दीपसिंह यादव, हनीफ कुरैशी, रमेश गोसर, चेतन पिपलादे एवं सम्राट शर्मा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के माध्यम से जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।