जल एवं स्वच्छता के अधिकारों पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आज, देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय में NHRC के प्रायोजन से होगा आयोजन, मानवाधिकारों और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता पर होगी चर्चा

खंडवा। डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा में 28 नवंबर 2026 को मानवाधिकार, जल एवं स्वच्छता के अधिकारों पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), नई दिल्ली के प्रायोजन में आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर के शिक्षाविद्, शोधार्थी, विषय विशेषज्ञ एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहभागिता कर जल एवं स्वच्छता से जुड़े मानवाधिकारों, वर्तमान चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे।

संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘मानव अधिकार: जल एवं स्वच्छता के अधिकारों पर विशेष केंद्रित विमर्श’ रखा गया है। इसका उद्देश्य सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता को प्रत्येक व्यक्ति के मूल अधिकार के रूप में रेखांकित करते हुए इनसे संबंधित सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जनस्वास्थ्य के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रशासन, नवाचार एवं अनुसंधान परामर्श तथा परियोजना प्रभाग द्वारा किया जा रहा है। संगोष्ठी में जल संकट, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता सुविधाओं, पर्यावरणीय न्याय, मानवाधिकार संरक्षण तथा सतत विकास लक्ष्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, इन चुनौतियों से निपटने में शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की भूमिका पर भी विचार साझा किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि स्वच्छ जल एवं स्वच्छता स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को इनकी उपलब्धता सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।

संगोष्ठी के माध्यम से विशेषज्ञ अपने अनुभव एवं विचार साझा करेंगे तथा जल एवं स्वच्छता से संबंधित समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने का प्रयास करेंगे। यह आयोजन मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता की आवश्यकता को लेकर सकारात्मक संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय की यह पहल शिक्षा एवं अनुसंधान को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा मानव गरिमा, जनस्वास्थ्य और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now