पणजी में आयोजित 11वीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने किया प्रतिनिधित्व, बौद्धिक संपदा अधिकारों और पेटेंट जागरूकता पर हुई चर्चा
खंडवा। गोवा के पणजी में 19 एवं 20 नवंबर 2026 को आयोजित 11वीं अंतरराष्ट्रीय बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) कॉन्फ्रेंस में डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता कर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राध्यापक सैयद वसीम एवं गौरव दलवे शामिल हुए।
कॉन्फ्रेंस की थीम ‘Indian IPR on Global Platform: The Way Forward’ रही, जिसमें वैश्विक मंच पर भारतीय बौद्धिक संपदा अधिकारों के विकास एवं संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसका आयोजन गोवा सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स एवं गोवा कॉलेज ऑफ फार्मेसी द्वारा किया गया।
कॉन्फ्रेंस के दौरान नवाचार, अनुसंधान, पेटेंट प्रक्रिया, पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में आईपीआर सेल की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। साथ ही, विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं को बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनके नवाचारों को पेटेंट कराने तथा इस दिशा में संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आयोजनों में सहभागिता से नवीन विचारों, शोध संभावनाओं एवं संस्थागत विकास को नई दिशा मिलती है।
डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय की यह सहभागिता अनुसंधान, नवाचार एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को वैश्विक शैक्षणिक और शोध परिदृश्य से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।