खंडवा में दो विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू, विज्ञान पर्व में 250 से अधिक मॉडल प्रदर्शित

खंडवा, प्रतिनिधि। डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, खंडवा में आयोजित रमन विज्ञान पर्व का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में 32 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर 250 से अधिक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। नवाचार, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाले इस आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान क्रांतिगुरु श्यामजी कृष्ण वर्मा विश्वविद्यालय, खरगोन और डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के बीच शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार तथा अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. मोहनलाल कोरी ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग नैतिकता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा नवाचार आधारित अनुसंधान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि विज्ञान पर्व का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध एवं नवाचार की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में एआई आधारित मॉडल एवं स्मार्ट कृषि तकनीकों पर विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

सहयोग समझौते के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को शिक्षा, कृषि, संस्कृति और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। आयोजन के दौरान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। विज्ञान एवं नवाचार को समर्पित यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now