औषधीय खेती से बढ़ेगी आय, हर घर एक औषधीय पौधे का दिलाया संकल्प

खंडवा। कृषि नर्सरी दिवस के अवसर पर डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा में विद्यार्थियों को औषधीय पौधों की खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि नामिनी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की पहल एवं सहयोग से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों के महत्व और उनके व्यावसायिक उपयोग की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अमलतास, अश्वगंधा, कस्तूरी भिंडी, कोको बीज, शतावरी, स्टीविया सहित विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी पौधों की जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने पौधों की पहचान, औषधीय महत्व, खेती की तकनीक, संरक्षण, प्रसंस्करण तथा बाजार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए और “हर घर एक औषधीय पौधा” लगाने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल एवं उनके औषधीय उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अरुण रमेा जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि औषधीय पौधों की खेती किसानों के लिए आय का बेहतर माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कृषि, औषधीय खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन से जोड़कर उन्हें रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव रवि चतुर्वेदी, कृषि नामिनी के प्रतिनिधियों एवं संबंधित शिक्षकों की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को औषधीय खेती और इसके व्यावसायिक महत्व की जानकारी देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

विश्वविद्यालय की ओर से भविष्य में भी विद्यार्थियों, किसानों एवं कृषि-क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए औषधीय खेती, प्रसंस्करण और विपणन से संबंधित जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now