खंडवा के युवा पहलवान नीरज पटेल ने एशियन अंडर-23 ग्रीको-रोमन कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने तुर्कमेनिस्तान के खिलाड़ी रसूल जोरायेव को 9-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी दमदार शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कजाकिस्तान के रुस्लान बेकीमोव को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
नीरज की इस उपलब्धि पर खेल जगत और क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नीरज पटेल की यह उपलब्धि न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि निरंतर मेहनत और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।