NABARD अभियान में युवाओं को बताए स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर

खंडवा। ग्रामीण युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के महार्षि कौटिल्य स्कूल ऑफ कॉमर्स द्वारा NABARD के ग्राम युवा शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बैंकिंग, कृषि, उद्यानिकी, कौशल प्रशिक्षण एवं उद्यमिता क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ग्रामीण विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कृषि, डेयरी, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण एवं लघु उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर NABARD के जिला विकास प्रबंधक श्री जितेंद्र एम. खैरनार ने ग्रामीण विकास एवं कृषि आधारित व्यवसायों को बढ़ावा देने में NABARD की भूमिका बताई। उद्यानिकी विभाग के श्री जितेंद्र चौधरी, बैंक ऑफ इंडिया के श्री गणेश टाइकर, RSETI निदेशक श्री रामदास पटेल, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सेवानिवृत्त प्रबंधक श्री गोविंद शर्मा तथा निमाड़ी डेयरी प्रोडक्ट्स के निदेशक श्री अर्जुन सिंह पवन ने भी अपने अनुभव साझा किए।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण रमेश जोशी ने युवाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ कृषि अपनाने तथा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों, कौशल एवं उद्यमशीलता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान 30 विद्यार्थियों का चयन NABARD के आगामी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के लिए किया गया। यह पहल युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. दिव्य बडोले एवं डॉ. अर्पिता राजपूत ने किया। संचालन सेजल जामवानी ने किया तथा आभार डॉ. सगीर खान ने व्यक्त किया।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now