131 शिक्षकों का सम्मान, टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड 2026 में शिक्षा जगत की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिला गौ

खंडवा। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दैनिक भास्कर एवं डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड 2026 समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले एवं निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से चयनित 131 शिक्षकों, प्राचार्यों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कंचन मुकेश तंवे एवं महापौर अमृता अमर यादव उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं तथा उनके समर्पण से ही भविष्य की पीढ़ियां दिशा प्राप्त करती हैं।

समारोह की अध्यक्षता डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने की। विशिष्ट अतिथियों में विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलसचिव (Registrar) डॉ. अनिल तिवारी तथा पूर्व कुलसचिव रवि चतुर्वेदी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने शिक्षा में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी ने शिक्षकों को बदलते शैक्षणिक परिवेश में नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं पूर्व कुलसचिव रवि चतुर्वेदी ने शिक्षण सेवा को समाज के प्रति सर्वोच्च उत्तरदायित्व बताते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षक शासकीय एवं निजी विद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों से जुड़े थे। विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों और शिक्षकों को उनके शैक्षणिक नवाचार, विद्यार्थियों के विकास एवं समाज में शिक्षा के प्रसार के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान अतिथियों ने कहा कि ऐसे सम्मान कार्यक्रम शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यालय संचालक, शिक्षाविद, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड 2026 ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित कार्य करने वाले शिक्षकों को पहचान और सम्मान देकर समाज में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।


Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now